शुक्रवार, 9 जून 2023

पहनावे में उलझे महिला मुद्दों को शायद नए चश्मे की ज़रूरत है

फर्स्ट लेडी होने के बावजूद फोटोग्राफर की नज़र में हिलेरी क्लिंटन महज़ एक महिला से ज़्यादा नहीं। जहां कैमरामैन की कोशिश फोटोग्राफी के उन एंगिल को तलाश लेती है जिससे तंग आकर हिलेरी क्लिंटन के लिए पैंट पहनना मजबूरी बन जाता है। महिला पहनावे के ठेकेदारों से की जाने वाली इस जंग में उनकी तरक्की के कई ऐसे रास्ते बंद हो जाते हैं जिन पर सोचने और बोलने का नंबर ही नहीं आ पाता। क्या अब इस मोर्चे पर नए सिरे से सोचने और अमल करने का समय है?


ये बात ज़्यादा पुरानी नहीं है। मार्च 2019 में अमरीका अंतरिक्ष विज्ञान की दुनिया में एक नया इतिहास रचने की योजना बना रहा था। नासा ने दो महिलाओं की स्पेसवॉक का इरादा किया। 25 मार्च को की जाने वाली ये यात्रा महज़ इसलिए अमल में नहीं आ सकी क्योंकि एजेंसी के पास ऐन मैकलीन और क्रिस्टीना कॉक के आकार के स्पेससूट अंतरिक्ष स्टेशन पर नहीं थे। ...और इस तरह पृथ्वी से चार सौ किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर एक ऐतिहासिक घटना दर्ज होने से रह गई। 

स्पेसवॉक पर जाने के लिए महिलाओं की पोशाक की कमी उनके सफऱ का रोड़ा बन गई। मगर दुनिया में इन्ही कपड़ों की बात करें तो हम पाते हैं कि यूरोप और ब्रिटेन जैसी आज़ाद और विकसित जगहों पर आज भी महिलाओं की पोशाक से जुड़ा उत्पीड़न कामयाबी के हर सफ़र को कई क़दम पीछे धकेल देता है।

 भारत में पिछले दिनों राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़े सामने आये तो बताने और छुपाने वाली मीडिया ने रच रच कर हेडलाइन बनाई और एक से एक एंगिल तराश कर ख़बरें पेश की। इस तरह से एक सालाना ख़ानापूरी की रस्म अदायगी हो गई। अब इन आंकड़ों को सहेजकर कई बहसों, चर्चाओं और गोष्ठियों का कच्चामाल बन जायेगा और एक और ख़ानापूरी अंजाम को पहुंचने लगेगी। इन सबके बीच स्पेसस्टेशन पर स्पेससूट की कमी जैसी बात का दरकिनार होना लाज़िमी है। 

पूर्व राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने अपने पहनावे पर दुनिया के नज़रिए को लेकर जो खुलासा किया है वह हैरान करने वाला है। अमेरिका के 42वें प्रेजिडेंट की पत्नी की हैसियत से हिलेरी 1995 में ब्राजील की राजकीय यात्रा पर थीं। वह बताती हैं कि इस सफर के दौरान उन्हें जो तजुर्बा हुआ उसके नतीजे में उस दिन के बाद से उन्होंने स्कर्ट के बजाय पैंटसूट पहनना शुरू कर दिया था।  

पूर्व राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन बताती हैं कि इस ब्राजील यात्रा के दौरान उन्होंने क्रीम कलर की स्कर्ट पहन रखी थी। इस बीच मौजूद फोटोग्राफरों ने नीचे से उनकी तस्वीरें लीं। सीबीएस संडे मॉर्निंग की होस्ट नोरा ओ'डॉनेल से जारी बातचीत में हिलेरी कहती है- 'मैं सोफे पर बैठी थी और मीडिया को अंदर आने की इजाज़त दे दी गई। उनकी एक टीम तस्वीरें ले रही थी। 

जानकारी के मुताबिक़ इस दौरे की कुछ ऐसी तस्वीरें जिसमे कथित तौर पर उनका अंडरवियर दिखाई दे रहा था, बाद में ब्राज़ील की एक अंडरवियर बनाने वाली कंपनी द्वारा अपने विज्ञापन के लिए इस्तेमाल की गई। 

हिलेरी क्लिंटन आगे बताती हैं- 'अचानक व्हाइट हाउस को इन होर्डिंग्स के बारे में जानकारी मिलनी शुरू हो गई, जो मुझे बैठा हुआ देख रहे थे। मुझे लगा था कि मेरे पैर जुड़े हुए हैं लेकिन जिस तरह से तस्वीरें बनाई गईं थीं उसमे कुछ नज़र आ रहा था। और तब से मैंने हर समय फ़ोटोग्राफ़रों की मौजूदगी का भी ख़्याल रखना शुरू कर दिया।' हिलेरी क्लिंटन अपनी जारी रखते हुए कहती हैं- 'मैं स्टेज पर होती थी, सीढ़ियां चढ़ रही होती थी और वह नीचे होते थे। मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती थी इसलिए मैंने पैंट पहनना शुरू कर दिया।  

फ़्रांस में तकरीबन दो बरस पहले 22 वर्षीय एलिज़ाबेथ पर स्ट्रासबर्ग शहर में दिन के उजाले में हमला किया गया था। महिला ने फ़्रांस ब्लू अलसैस रेडियो को बताया कि जब वह घर जा रही थी, तो तीन लोगों में से एक ने कहा- ‘उस स्कर्ट वाली वेश्या को देखो।‘ फ्रांसीसी पुलिस ने शिकायत के बाद जांच शुरू की तो पाया कि तीन पुरुषों ने स्कर्ट पहनने के कारण उसके चेहरे पर मुक्का मारा। तीन में से दो लोगों ने उसे जकड़ा और तीसरे ने उसके चेहरे पर घूंसा मारा। इस पिटाई से उसकी आंख काली हो गई थी। वह बताती हैं कि एक दर्जन से अधिक लोग हमले को देख रहे थे लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। इस हमले की सजा के तौर पर मुजरिम को दो महीने की जेल की सजा दी गई थी। अपनी सफाई में इस शख्स का कहना था कि महिलाओं में से एक ने अनुचित कपड़े पहने हुए थे, इसलिए उसने उसे जमीन पर धकेल दिया।

फ़रवरी 2019 में द इंडिपेंडेंट की ओर से लंदन में एक अध्यन किया गया। इसमें रेप और शॉर्ट ड्रेस के मुद्दे पर 1104 वयस्कों से बातचीत की गई। सवालों के जवाब देने वाले ये लोग ब्रिटिश नागरिक थे। इस अध्ययन के अनुसार बड़ी संख्या में पुरुषों का मानना है कि अनुचित या अपर्याप्त कपड़े महिलाओं के बलात्कार का कारण बनते हैं। इन लोगों के अनुसार जो महिलाएं खुले कपड़े पहनती हैं, उनमें यौन उत्पीड़न का खतरा अधिक होता है। इस सर्वेक्षण के अनुसार 55 प्रतिशत पुरुषों का मानना है कि एक महिला के कपड़े जितने छोटे होंगे, उसके यौन उत्पीड़न की संभावना उतनी ही अधिक होगी। इस शोध से यह भी पता चला कि पुरुष इस विचार को महिलाओं की तुलना में अधिक बढ़ावा देते हैं। इस मत के समर्थन में बोलने वाली महिलाओं की संख्या 41 प्रतिशत थी। 

इस सम्बन्ध में डबलिंग रेप क्राइसिस सेंटर की ओर दिया गया वक्तव्य पुरुष मानसिकता का ख़ुलासा करता है। उनके मुताबिक़ शोध इस बात पर प्रकाश डालता है कि किस तरह ज़्यादती का शिकार होने वाली महिलाओं को इस समाज में निशाना बनाया जाता है और सारा इलज़ाम भी उन्ही पर लगाया जाता है।

संगठन प्रमुख न्यूलिन ब्लैकवेल के अनुसार यह सिर्फ़ एक वाहियात और अपरिपक्व विचार है और इस बात का कोई व्यहवारिक प्रमाण नहीं है कि महिलाओं के कपड़ों का सम्बन्ध उनके बलात्कार के रुझान से जुड़ा हो। 'हम जानते हैं कि बलात्कार का शिकार होने वाली औरतों के कपड़े हमेशा एक जैसे नहीं होते हैं। यह विचार कि ढेर सारे कपड़ों में लिपटी औरतों का यौन उत्पीड़न नहीं किया जाएगा, एक सदियों पुराना फ़लसफ़ा है जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी चला आ रहा है। महिलाएं जब ज़्यादती का शिकार होती हैं तो उनमे से बहुत सी ऐसी थीं जिन्होंने जींस पहनी हुई थी, या वह अपने स्कूल यूनिफॉर्म में थीं। यहां तक कि वह अपने सोने के कपड़ों में थीं।'

आगे उन्होंने आगे कहा- 'हम उस महिला को दोष देते हैं जो रेप की शिकार हुई है। हम उनसे कहते हैं कि अगर आप ऐसा कुछ कर लेतीं तो बच सकती थीं। अगर आपने ऐसा कुछ किया होता तो शायद ऐसा नहीं होता। यह अनादि काल से होता आ रहा है, जैसा कि बाइबल में आदम ने परमेश्वर से कहा- स्त्री ने मुझे उकसाया'।

 क्राइसेज़ सेंटर के मुताबिक़, बलात्कार शक्तिशाली द्वारा ज़बर्दस्ती और वर्चस्व का कार्य है। इसमें किसी भी पीड़ित की खूबसूरती या उसके कपड़े बहुत कम अहमियत रखते हैं। आंकड़ों के अनुसार जिन महिलाओं के साथ बलात्कार किया गया उनमें से 45 फ़ीसद मुजरिम उन महिलाओं के क़रीबी थे या किसी समय में उनके दोस्त रह चुके थे।
यूके के सरकारी आंकड़ों के अनुसार 38 फ़ीसद मामलों में अपराधी परिवार के सदस्य थे और केवल 13 फ़ीसद ऐसी महिलाएं थीं जो बलात्कारी की पहचान नहीं कर सकीं और मामला अजनबी रेपिस्ट के ख़िलाफ़ दर्ज किया गया।

डरहम यूनिवर्सिटी की डॉ. हाना बाउज़ के मुताबिक यह बेहद निराशाजनक स्थिति है। इसके बारे में जागरूकता फैलाने के तमाम अभियानों के बावजूद सब कुछ ठीक वैसा ही है जैसा सदियों से चला आ रहा है। अपनी बात में वह कहती हैं- 'मैं बहुत परेशान हूं कि हमने इस मुद्दे पर ज़्यादा तरक़्क़ी नहीं की है। समाज में हमेशा एक ऐसा निश्चित वर्ग होता है जिसे आमतौर पर स्थिति की उचित समझ नहीं होती है। लेकिन मुझे उम्मीद थी कि अब तक स्थिति में काफ़ी सुधार हो गया होगा। यह स्टडी हमारी धारणाओं में एक बहुत ही बुनियादी ग़लती की तरफ इशारा करती है। यह जैविक प्रवृत्ति (Biological instinct) का मामला नहीं है। यह एक बहुत ही बुनियादी समस्या है जिसमें सारा इलज़ाम ज़्यादती का शिकार होने वाली महिलाओं पर मढ़ दिया जाता है। हालांकि, उनमें से अधिकांश अपने घरों के अंदर सुरक्षित माहौल में ज़्यादती का शिकार होती हैं। आपने क्या पहना है, इस बात से रेप करने वाले का कोई लेना-देना नहीं होता है।

शकीला फोर्ब्स बेल फैशन की दुनिया का बुलंदी छूने वाला नाम है। शकीला पहली अश्वेत महिला हैं जिसने लन्दन की यूनिवर्सिटी से फ़ैशन साइकोलॉजी की पढ़ाई की है और लंदन कॉलेज ऑफ फ़ैशन से एमए किया है। पढ़ाई के अंतिम वर्ष में उनका शोध का विषय था 'वस्त्र और जातिवाद' था, जिसमें उनका विषय था कि अमरीकी नीग्रो ट्रायवन मार्टिन की हुडी ने क्रूर हत्या में किस तरह भूमिका निभाई। वह फ़ैशन और मनोविज्ञान दोनों की छात्रा थी और अब अपनी वेबसाइट, फ़ैशन इज साइकोलॉजी के माध्यम से दोनों को एक साथ लाती है, जो फ़ैशन पर अतिथि लेखकों को पेश करती है और हमारे दैनिक जीवन में जटिल वैज्ञानिक सिद्धांतों को लागू करती है। वह उपभोक्ता व्यवहार और प्रेरणा की पहचान करने के लिए दुनिया की मशहूर कंपनियों के साथ भी काम करती है।

ये विकसित देशों का हाल है तो विकासशील देशों का अंदाजा लगाया जा सकता है। शायद इन मुद्दों को नए सिरे से देखे, समझे और उन पर अमल किये जाने की ज़रूरत है। इन बातों पर ग़ौर करने पर हम पाते हैं कि क्रिमिनल और क्राइम अगर बरक़रार है तो उससे मुक़ाबले के जवाबी हथकंडे भी हर दिन तैयार हो ही रहे हैं। जिसमे प्रशासन, पुलिस, न्यायपालिका के अलावा मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण भी शामिल है। इतनी संस्थाओं सहित निजी एनजीओ और तमाम व्यवस्थाओं के बाद भी अगर हम अभी तक महिला सुरक्षा की नीव ही मज़बूत कर रहे हैं तो इसकी इमारत पर काम कब करेंगे। और इस बीच न जाने कितनी अंतरिक्ष तक न पहुंच पाने वाली यात्राओं का खामियाज़ा भुगतेंगे।

शुक्रवार, 2 जून 2023

मिस माशा और साहिल

बहुत अरसे से आप से बात करना चाह रहे थे मगर तमाम मसरूफियतों के चलते नहीं की। एक और वजह थी कि खुद को धोखा दे रहे थे कि शायद आप दोनों मान जाएँ और हमें मुखातिब न होना पड़े। 

अब एक छोटी सी गुज़ारिश है कि मेरी इस चिट्ठी को पूरा पढ़ियेगा। ये सिर्फ गुज़ारिश है। बाक़ी जैसी आपकी मर्ज़ी।

क़ायदे से कहना तो अपने बेटे को चाहिए था मगर माशा साहिबा आपको भी कहने का दिल कर रहा है। दरअसल आप दोनों उम्र के उस दौर में हैं जहाँ अपने से बड़ा हर सामने वाला बेवक़ूफ़ और जाहिल नज़र आता है। क़ुदरत का सितम देखिए जो वक़्त आपके कुछ बनने और करने का होता है, उसी वक़्त में आपके हार्मोनल चेंजेस आपका सबसे सख्त इम्तिहान लेते हैं। हर लड़का लड़की इस बदलाव पर बेकाबू हो दुनिया को अपने क़दमों में समझता हैं।

बहरहाल मेरा बेटा बस नाम का ही मेरा बचा है। आपने उसे काबू कर लिया। इसमें मेरे बेटे की नालायक़ी थी या आपकी सलाहियतें, यह तो नहीं मालूम मगर इतना मालूम हो गया कि मेरा बेटा एक बड़ी ही कमज़ोर शख्सियत का मालिक निकला।

न न... आप दोनों कतई ये मत सोचियेगा कि पुरानी रवायती अम्माओं की तरह हम बेटे को पालकर उसकी कमाई खाने का कोई ख्वाब देख रहे हैं। हम तो ऐसी माँ है जिसने अपने बच्चे के लिए उसके सब्जेक्ट भी उसकी मर्ज़ी से चुनने की इजाज़त दी थी, फिर आप दोनों आज कल कभी चांद सितारों के सफर पर होंगे, कभी बादलों की सैर पर और इन सबके साथ एक साथ जीने मरने के मरहले तय कर रहे होंगे। लाइफ पार्टनर चुनने में भी हम कभी उसके खिलाफ न जाते। अपने बच्चे को बस हमने एक तरबियत दी थी कि बेटा कभी झूठ मत बोलना। अफ़सोस की आपके साथ ने उसे झूठ बोलना सिखा दिया मिस माशा।

मेरा बेटा कभी मेरा गुरूर हुआ करता था। पढ़ाई में बड़े शानदार नंबर आते थे उसके। फिर उसने खुद को ज़्यादा क़ाबिल समझ लिया। इतना कि बाक़ी सब उसे जाहिल नज़र आने लगे। आपकी सोहबत में आने से बहुत पहले उसने सिगरेट की लत अपना ली थी। एक माँ के लिए ये खबर जानलेवा न सही नींद उड़ा देने वाली होती है। उसे हर तरह से समझाया और हर बार उसने झूठ बोला। अब हमने सब्र कर लिया है। उसने बताया था कि एक दिन उसने खुद को बहुत कमज़ोर महसूस किया और सिगरेट से उसे ताक़त मिली। कमाल है एक पढ़ा लिखा इंसान अगर एक तबाह कर देने वाली चीज़ को ताक़त पाने का जरिया समझता है तो मेरे मुल्क की जाहिल अवाम से हमे कोई शिकायत नहीं। खासकर उन बेचारे लोगों से जिनके पास रहने, खाने, सोने के भी इंतिज़ाम नहीं।  

हमने हर मुमकिन जतन किया, फिर मेरा इस इलाक़े में शिफ्टिंग का फैसला हमें यह उम्मीद दिला गया कि अब शायद इनका  अकेलापन दूर हो जायेगा और इनकी लत छूट जाएगी। मगर हम मुग़ालते में थे। यहाँ आकर इनकी कमज़ोरी और बढ़ गई। अब इन्हे आपकी भी ज़रूरत दरकार हो गई। 

आपको क्या इलज़ाम दें मिस माशा! जब अपना ही सिक्का खोटा हो। आप तो उसकी ज़िंदगी पर ऐसा छायीं कि उसे जूठ के साथ लफ़्फ़ाज़ी और बदकलामी का भी हुनर आ गया। माफ़ कीजियेगा- जब जब उसने ये झूठ बोले कि उसका आपसे कोई ताल्लुक़ नहीं तब तब मजबूरन हमें उसके साथ आप पर निगाह रखनी पड़ी। हमें उससे कोई  मगर ये देखकर अफ़सोस होता था कि एक लड़की अपने घर से बैठे बैठे किसी लड़के की ज़िंदगी कितनी खूबी से बर्बाद कर रही है और उसे इस बात का ज़रा भी एहसास नहीं।

अब ये मत कहियेगा कि अपने कुछ नहीं किया। अगर उसके साथ बतियाने वाली चैट डिलीट नहीं की है तो अपनी बातो के कुल घंटों का हिसाब जोड़ लीजियेगा। ये वह घंटे थे जो हमने उसे पढ़ाई के लिए मुहैया कराये थे। उसे अपनी हैसियत में हर मुमकिन सहूलियत देकर यह वक़्त निकला था। इन्ही घंटों में आपकी मोहब्बत के चोंचलों ने उसका रिज़ल्ट तबाह कर दिया। मेरे बेटे का दसवीं का नतीजा 84 % था और बारहवीं में जिस हिसाब से वह तैयारी कर रहा था यक़ीनन 85 % लाता। ऐसा सिर्फ मेरा नहीं उसके टीचर्स का भी मानना था। 

आपको और आप जैसी तमाम लड़कियों को सैल्यूट जिन्होंने इस मुल्क के कितने ही लड़कों की ज़िंदगी और मुस्तक़बिल तबाह कर दिया। एक अच्छी मार्कशीट शायद उसके अच्छे मुस्तक़बिल की अलामत होती। फिर भी आप दोनों इसमें बराबर के शरीक है इस लिए पूरी शर्मिंदगी का बोझ अकेले उठाने की ज़रुरत नहीं।  हां! हमें ये नहीं मालूम कि आप ने अपनी इन कारगुज़ारियों की खबर अपने वालिदैन को दी है या नहीं। मुमकिन है दे दी हो।

सुना है आजकल की लड़किया पापा की परियां होती हैं। बड़ी अच्छी बात है मगर मेरी नज़र में हर उस बाप को, जिसे अपनी बेटी से मोहब्बत है नाज़ुक परी नहीं मज़बूत चट्टान बनाना चाहिए। हुस्न और नज़ाकत की जगह हुनर और क़ाबिलियत ज़यादा ज़रूरी है। ये हमेशा साथ देता है। अरे हां! याद आया। मेरी मुखबिरी की बदौलत हमें पता चला है कि आप ताइक्वांडो सीख रही हैं। अच्छी बात है मगर सेल्फ डिफेन्स की हद तक। तोड़ना बड़ा आसान होता और जोड़ना बेहद मुश्किल। किसी के हाथ पैर हों या किसी का घर। साहिल के मामले में यह भी नहीं कह सकते कि आपने यह सब अनजाने में किया होगा। अपने डिफेन्स के नाम पर किसी के हाथ पैर तोड़ना समझ आता है मगर अपने शौक़ के लिए किसी का आशियाना और मुस्तक़बिल तबाह करना अच्छी बात नहीं। आप बच्ची नहीं। खैर से बालिग़ होने वाली होंगी। मेरा बेटा भी अभी बालिग़ नहीं हुआ है। जल्दी एडमिशन कराने की वजह से 18 बरस का पूरा होने से पहले उसने बारहवीं का इम्तिहान पास कर लिया है। अब पता नहीं आप उससे छोटी हैं या बड़ी। हाँ इतना मालूम है कि आपकी सालगिरह उससे 12 दिन पहले आती है। दरअसल हमारी सोसाइटी में एक और बीमारी भी पाई जाती है। मां बाप एडमिशन से पहले बच्चे का बर्थ सर्टिफिकेट अपनी मर्ज़ी से बनवा लेते हैं। मेरे साथ भी ऐसे तमाम बच्चे पढ़ते थे जिनकी असली पैदाइश की तारीख कुछ और जबकि सर्टिफिकेट में घटाकर कुछ और कर दी जाती है। एक साहब ने तो बड़े जोश में यह भी बता दिया था कि अगर कल को बच्चा सरकारी नौकरी में आता है तो रियायरमेंट असली उम्र के बाद होगा और उसे कई और महीने की सरकारी सेलरी मिल सकेगी। आज भी सरकार और ऊपरवाले की आँख में धूल झोंकने वाले यह सब करने से बाज़ नहीं आ रहे हैं।

खैर यह सब आपके घरेलू मामले हैं और इसमें दखल देने का हमें भी हक़ नहीं। काश आपने भी कुछ ऐसी सोच रखी होती मिस माशा! तो मेरी घरेलू ज़िन्दगी भी पुरसुकून होती और हमें आपके करीबियों से कोई मुखबिर न तलाश करना पड़ता।

बहरहाल आपके घरेलू मामलों में हम दखल न देते लेकिन मेरा कंसर्न मेरा बेटा है। वही बेटा जो आपसे मिलने से पहले बड़ा सच्चा और सीधा हुआ करता था, वही बेटा जो लड़कियों की मुखालिफत करता था और उसका पूरा बचपन हमें ये समझाने में बीता कि लड़के और लड़कियां अल्लाह की बनाई मख्लूक़ हैं, दोनों बराबर हैं। किसी से हमें नफरत का न तो हक़ है न इजाज़त। उसे लड़कियों से यह शिकायत थी कि उनके लिए स्कूल घर और बाहर सब जगह सॉफ्ट कॉर्नर रखा जाता है और लड़कों के साथ ज़्यादती हो जाती है। मगर कमाल है आपकी ज़ात का। उसकी जिस शिकायत को हम प्यार और मोहब्बत से न दूर कर सके उसे आपके हथकंडे ने ऐसा घोलकर पिलाया कि मेरा बेटा आज आपका असीर है। ऐसा असीर की मेरे मुक़ाबिल भी खड़ा होना सीख गया। उसे हमसे शिकायतें होने लगीं। जबसे आपके फरेब में आया है तबसे हाल यह है कि वह तबतक तो ठीक है जबतक उसकी मर्ज़ी की बातें हो रही हों मगर जहाँ उन्हें कुछ नागवार लगा वहीँ उनकी बदली शख़्सियत नुमाया हो जाती है।

ये बताना इसलिए ज़रूरी है कि आप ये न सोचें कि मेरे घर से या आपके और साहिल की दोस्तों में कोई मेरा मुखबिर है। यह मुखबिर आपका बड़ा ही क़रीबी है और आपको अंदाजा ही नहीं। उसके पास तो आपको तबाह करने के बेशुमार सुबूत भी हैं। ऐसे ऐसे सुबूत जिन्हे देखकर आपके होश उड़ जायेंगे और ऐसे करीबियों से यक़ीन उठ जायेगा। मगर मेरा यक़ीन कीजिये कि हमने उसमे से कोई भी सबूत नहीं लिया। न ही मेरी किसी को ब्लैकमेल करने में दिलचस्पी या यक़ीन है।

मिस माशा क्या ही अच्छा होता कि आप ज़रा सब्र से काम लेतीं। खुद भी कुछ बन जातीं और उसको भी कामयाब हो जाने देतीं। ये वक़्त आपके स्कूली इम्तिहान के साथ ज़िंदगी के इम्तिहान का भी था।  वैसे एक बात और बता दें स्कूल के इम्तिहान तो एक वक़्त में ख़त्म हो जाते हैं मगर ज़िंदगी के इम्तिहान आखिरी सांस तक चलते ही रहते हैं। जैसे आप मेरे सामने एक इम्तिहान बन कर खड़ी हुई हैं और इसे हल करना मेरे लिए ज़रूरी है।

शायद साहिल ने आपको बताया हो कि मेरे खानदान में आजतक हर लड़के लड़की से उसकी शादी से पहले यह सवाल पूछा गया है कि अगर उसकी अपनी कोई पसंद हो तो बता दे। यक़ीन कीजिये मेरे घर का कोई भी इंसान आजतक इस सवाल पर हां का जवाब न दे सका और सबने अपनी शादी का फैसला अपने बड़ों पर छोड़ा। साहिल से भी उसकी शादी से पहले हम यही सवाल करते और उसकी पसंद का एहतराम करते। मगर आपने मेरा दिल बुरा कर दिया है। मेरा बड़ा नुक्सान किया है आपने। अब मेरा दिल कभी भी आपको क़ुबूल नहीं कर पायेगा। मुमकिन है साहिल को मेरे इस फैसले से ऐतराज़ हो और ये भी मुमकिन है कि  वह आपके साथ जाना चाहे तो बस इतना बता दें कि आपका साथ पाने के लिए उसे हमें छोड़ना होगा।

मेरा बड़ा ही सीधा सा उसूल है कि नापसंद लोगों के साथ रहने के बजाय अकेला रहा जाए। ये मत समझियेगा कि हम अपने बेटे की किसी ज़िम्मेदारी से पीछे हैट रहे हैं। हमें अपना फ़र्ज़ पूरा करना आता है और कोशिश भी यही है कि उसमे कोई कमी न होने पाए। रही बात आप दोनों की तो आप अब अगर अभी भी उसमे दिलचस्पी रखती हैं तो ये भी नोट कर लीजिए कि वह बिना बाप का है और हमने उसके मां बाप दोनों बनकर पाला है मगर आपकी उसमे दिलचस्पी उसे माँ - बाप दोनों से महरूम कर देगी।

आज आपकी सालगिरह है मगर मेरा दिल आपको दुआ देने को राज़ी नहीं हो रहा  बेटे के लिए हर हर सांस से दुआ है कि अल्लाह उसे नेक हिदायत दे। दोनों जहाँ की कामयाबी दे।


मंगलवार, 30 मई 2023

गंगा में मैडल के साथ सवा सौ करोड़ का प्रतिनिधित्व भी डूबेगा

मेलानी मोलिटोरोवा और करोल हिंगिस की बेटी मार्टिना हिंगिस का जन्म 30 सितम्बर 1980 को चेकोस्लोवाकिया में हुआ था। हिंगिस के माँ बाप दोनों ही टेनिस खिलाड़ी थे। महज़ 6 बरस की उम्र में मार्टिना के माता पिता का तलाक़ हो गया और मार्टिना अपनी माँ के साथ स्विट्ज़रलैंड आ गईं। यहाँ उनकी मां एक कंप्यूटर टेक्नीशियन एंड्रियाज़ ज़ोग से दुबारा शादी कर लेती हैं। मार्टिना के स्विस पिता कोई कलाकार नहीं थे मगर एक दिन उन्हें एहसास होता है कि इस बच्ची का रुझान टेनिस की तरफ है। वह बच्ची को टेनिस सिखाने का इरादा करते हैं। 

... और एक दिन मार्टिना हिंगिस दुनिया की पहली रैंकिंग वाली स्विस खिलाड़ी बनती हैं। ख़ास बात ये है कि इससे पहले ये खिताब किसी भी महिला क्या पुरुष स्विस खिलाड़ी को भी नहीं मिला था। 

ये खिताब सिर्फ मार्टिना की टेनिस कोर्ट में की गई प्रेक्टिस का तमग़ा भर नहीं था। इसकी कहानी दशकों में लिखी गई थी। उसके माँ बाप का खिलाड़ी होना और बेटी के लिए टेनिस खिलाड़ी बनने का सपना देखना। माँ बाप के रिश्ते का टूटना। माँ का खुदमुख्तारी भरा फैसला, जब वह घर ही नहीं राज्य भी छोड़ देती है। एक अलग प्रोफेशन के शख्स का एक बच्ची की माँ से शादी करना और उसकी सलाहियतों को परवान चढ़ाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करना। 

मार्टिना के नंबर वन बनने के सफर में पेरेंट्स का अलगाव, वतन से बेदखल होना और सौतेलापन जैसे कई मुद्दे सामने आये होंगे मगर इन्हे बेअसर इसलिए कह सकते हैं क्योंकि इनमे से कोई भी उसके खिताब में रोड़े नहीं लगा सका। 

इसके बरक्स जब बात हिन्दुस्तानी महिला खिलाड़ी के तमग़े की की जाए तो मार्टिना जैसे मुद्दे से परे यहाँ हर मोर्चे पर दुशवारियों के झुण्ड होते हैं। ये देश एनीमिया से लेकर कमज़ोर हड्डी वाले बच्चों और औरतों की सूची में सरफेहरित है। यहाँ लड़कियों की पढ़ाई और खेल तो दूर, अस्तित्व भी खतरे में रहा है। वर्ष 2011 में इस देश का सेक्स रेशियो 1000 पुरुषों के मुक़ाबले में 943 महिलाएं था, जिसके वर्ष 2036 तक प्रति 1000  पुरुष पर बढ़कर 952 महिलाएँ होने की उम्मीद है।

इन हालात में उन जज़्बात, मेहनत और हौसलों का अंदाज़ा लगाइये जो एक बच्ची को खेल के मैदान तक पहुंचाता होगा। क्योंकि इन मेहनतों, हौसलों और जज़्बों की पैमाइश का कोई मीटर नहीं इसलिए इसका ज़िक्र दफ़न हो जाता है। ज़िक्र आता है बेटी बचाओ का, खेलो इण्डिया का और इन जैसी तमाम पॉलीटिकल ब्रांडिग का। फिर सरपरस्त को इसका सारा क्रेडिट जाता है और शानदार फोटोशूट की बदौलत इस बात का डंका पीटा जाता है। इस बीच खिलाडियों को पता ही नहीं चलता कि उनके खिताब अपनी क़ीमत खो चुके हैं।

ब्रांडिंग कामयाब हो जाती है और पॉलिटिक्स बताती है कि  आपका ये मैडल 15 - 15 रुपये  में बाज़ार में बिकता है। एक सियासी के लिए इसकी क़ीमत 15 रुपये हो सकती है मगर एक खिलाड़ी के लिए ये अमूल्य और अमर है। खिलाड़ी अपवित्र तंत्र से हारकर अपने मैडल गंगा में बहाने का फैसला कर रहे हैं। 

वह मैडल जो इन खिलाड़ियों ने जीते हैं, उस पर देश का भी अधिकार है। ये मैडल उन सवा सौ करोड़ लोगों का भी प्रतिनिधित्व करते है जिनमे से कुछ खिलाड़ियों के खिलाफ है और बाक़ियों ने चुप्पी साध ली है। 

बुधवार, 17 मई 2023

''ये साथ सलामत रहे''

हमसफ़र, सफर और साहिल। उसके आगे समंदर। हम ज़मीन पर चलने वाले राही, भला आसमान के नज़ारों से हमें क्या लेना। तुम्हारा साथ ही मेरे पंख है और तुम्हारा हाथ ही मेरी पतवार। फिर आगे ठाठे मारता समंदर हो या पीछे गुज़रे पथरीले रास्ते। अपने हिस्से का कुछ सफर तय करने के बाद ये जाना है कि तुम्हारे साथ चलना ही मेरी मंज़िल है, मेरी कामयाबी है।  

हमें यहाँ तक सलामत लाने वाले बेशुमार क़दमों का शुक्रिया। हमें और आगे ले जाने आने उन अनगिनत क़दमों का भी शुक्रिया जो हमें आने वाले वक़्तों में बढ़ाने हैं। हमने तो बढ़ना जाना है। आगे बढ़ते जाना।

सुना है हम ज़मीन पर रहने वालों का आसमान के सितारों से भी नाता होता है। हुआ करे! सितारों को देखा तो है मगर उस नाते से अनजान। देखा तो बादलों को भी है। इस सफर में उसने कई बार भिगोया। ... और देखा उस सूरज को भी है जिसने देखते ही आँखों को चकाचौंध कर दिया था। उस सूरज की तपिश हमसफ़र की गिरफ्त की हरारत के आगे बेमानी लगी और बादलों का बरसना भी इन क़दमों को थामने में नाकाम नज़र आया। 

क़ुदरत मेरे चारो सिम्त है। हवा पानी बादल सूरज और अँधेरा बन कर। बारिश ने शराबोर किया, हवा ने तरोताज़ा। सूरज ने घटते बढ़ते साये बख्शे थे मगर अँधेरा उन्हें निगल गया और साथ रहा सिर्फ हमसफ़र। चांद ने भी अपने हर हर रूप में आकर हम पर निगाह रखी होगी। चाँद से भी ऊंचाई पर रहने वाले झिलमिल सितारे इसके गवाह हैं। चाँद की मौजूदगी में धुंधला गए इन तारों ने भी अमावस की रातों को टिमटिमाते हुए हमें निहारा है। 

इस हाथ का साथ हो तो इस गोल धरती के अनगिनत चक्कर लगाने की चाह है। बिना रुके बिना थके। फिर क्या साहिल और क्या समंदर। इस साथ पर क़ुदरत भी रश्क़ करते हुए कानो में सरगोशी करती गुज़र जाती है कि ''ये साथ सलामत रहे''।

इनकी पिछली पीढ़ी सड़कों को सूना रखने की गुनहगार है

कल लाठी खाने वाले वही बच्चे थे, जिनसे परीक्षा पर चर्चा के समय सरकार मुखातिब थी।  एक तरफ़ा संवाद को नकारकर इन्होने बता दिया है कि कोई इन्हें उ...