बुधवार, 21 सितंबर 2022

जहां चार यार: एक अच्छी थीम की हत्या के साथ महिला आज़ादी का मज़ाक़ उड़ाती है

अगले दरवाज़े से महिला आज़ादी की चौखट फलांगती फिल्म 'जहां चार यार' पिछले दरवाज़े से उनके पिंजरे का इंतज़ाम करती नज़र आती है। या ये कहें कि इस फिल्म के बहाने से आज़ादी के नाम पर कुछ ऐसा प्रस्तुत किया गया है जिसका अंजाम बेड़ियां हो सकती हैं। प्रोड्यूसर विनोद बच्चन और राईटर डायरेक्टर कमल पांडेय की जुगलबंदी वाली इस पेशकश को महिला सशक्तिकरण से जोड़ें तो भविष्य में ये उनको अभी तक मिले अधिकार छीनने का प्रयास नज़र आता है। 

25 बरस पहले आज़ादी के नाम पर करण जौहर की सिमरन अगर यूरोप टूर पर जाने का सपना देखती थी तो आज उसका अगला चरण शादी के बाद कुछ सिमरनों का दारू पीना कैसे हो सकता है? वह भी सामानांतर सिनेमा की आड़ में। दर्शक से पहले फिल्म मेकर्स को महिला आज़ादी, महिलाओं के मुद्दे और उनकी लड़ाई को जानने की ज़रूरत थी। वही आज़ादी जिसके लिए सदियों की लम्बी मशक्कत का इतिहास है। वही आज़ादी जो आज भी 10वीं और बारहवीं के इम्तहानों में बड़ी संख्या में बड़ी संख्या में लड़कियों की कामयाबी दर्ज कराती है और फिर ग्रेजुएशन के बाद यही प्रतिशत काफूर हो जाता है। अगर इन काफूर हो चुकी लड़कियों का सपना गोवा ट्रिप, सिगरेट और दारु था तो बारहवीं और ग्रेजुएशन तक की ऐसी बेमानी पढ़ाई का कोई मतलब ही नहीं। ऐसे में इस फिल्म का सबसे पहला विरोध महिला मुक्ति मोर्चा की ओर से बनता है। इस स्पष्टीकरण के साथ कि न तो ये महिला आज़ादी है और नहीं महिला आंदोलन का उद्देश्य इस आज़ादी को पाना है। 

इस पूरी फिल्म में अगर कुछ सुन्दर है तो इसकी थीम मगर उसका भी कहानी के ज़रिये कचरा कर दिया गया है। ‘तनु वेड्स मनु’ और ‘शादी में जरूर आना’ जैसी फिल्मों से विनोद बच्चन ने हिंदी सिनेमा को कॉमर्शियल सिनेमा के बावजूद बहुत कुछ दिया था मगर 'जहां चार यार' दिखाकर उन्होंने आधी आबादी की परवरिश और नैतिकता पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। ऐसा सिनेमा पाबंदी के अलावा शायद और कुछ नहीं दे सकता। आज भी बेटियों की बेदाग़ परवरिश कराने वालों ने बड़े ही संकोच के साथ उन्हें पढ़ाने का फ़र्ज़ ज़रूर निभा रहे हैं मगर उनके बेहतर भविष्य के लिए, जहांअपनी शिक्षा के बल पर उस माहौल के निर्माण मुमकिन हो जिसमे वह कम्फर्ट ज़ोन को खुद बना सकें न कि निकोटिन और अल्कोहल के साथ परिवार और ज़िम्मेदारियों से पिंड छुड़ाने के लिए। 

हालांकि एक मर्डर मिस्ट्री सुलझने के बाद कहानी ये सबक़ ज़रूर देती है कि ये रिश्ते दैहिक सुख से ऊपर हैं। घर पर दिनभर खटने वाली औरत का श्रम बाहर काम करने वाले मर्दों से ऊपर हैं। मगर इस सबको जताने के लिए कहानी को जिस टुच्चेपन के साथ बढ़ाया गया है वह मैसेज देने वाले फैमिली ड्रामा से ज़्यादा दिनभर मज़दूरी करने वाले मर्द तबके के लिए बेहूदी और फूहड़ कॉमेडी में इयर और आई टॉनिक बनकर निकला है। फिल्म उस तबके तक ही पहुंच बनाएगी जो इस बेहूदा कॉमेडी और डायलॉग का मज़ा लेगा और अपने साथ ये मैसेज लेकर जाएगा की शादी और बच्चों के बाद भी महिला यक़ीन के लायक नहीं। नतीजे में वह बीवी के साथ बेटियों पर भी पाबन्दी का पहरा और कड़ा कर देगा।    

इस फिल्म का ट्रेलर उस लिफाफे जैसा है जो अंदर की चिट्ठी का सारा मज़मून बयान कर रहा है। ट्रेलर में फिल्म मिडिल क्लास औरतों पर तंज़ करती है- 'यही प्रॉब्लम है सारी मिडिल क्लास औरतों की, अपनी सारी क्षमताओं को गैस के चूल्हे में झोंक देती हैं।' ट्रेलर में महिला आज़ादी के शैशवकाल में आपस में सम्बोधन के लिए चुड़ैल शब्द का प्रयोग होता है जो अंत तक अपनी सारी क्षमताओं को झोंक कर जिस गाली की गूंज सारी दुनिया को सुनाना चाहती है उसे कोई भी सभ्य समाज स्वीकार नहीं करेगा। पुरुषों द्वारा महिलाओं को दी गई गाली का बदला महिलाओं द्वारा महिलाओं को दी गई गाली कैसे हो सकती है? अगर इस खेमाबंदी को महिला सशक्तीकरण से जोड़ा जा रहा है तो ये शर्मनाक है।  

अच्छी और बामक़सद फिल्मों के चयन के लिए जानी जाने वाली स्वरा ने इस फिल्म के चुनाव में चूक कर दी है। ये न्यूड मेकअप का दौर है। अब घरों की मेड भी इस गेटअप में नहीं रहतीं है जो इस फिल्म में उनका अंदाज़ है। बल्कि सोशल मीडिया के इस दौर में एजुकेशन सेन्स से ज़्यादा फैशन सेन्स डेवलप है। ये सच्चाई मध्यम वर्ग के बदलाव का हिस्सा भी है। स्वरा के अदाएं किसी मेड से ज़्यादा भोजपुरी सिनेमा के करीब नज़र आती हैं। 

महिला सशक्तिकरण की इस समय की सबसे सटीक प्रस्तुति उन पाकिस्तानी ड्रामा में देखने को मिलती है जिन्होंने बड़ी ही ख़ामोशी से इन मुद्दों को उठाया है और घर घर अपनी पहुंच बनाई है। ये ड्रामा अपने क्राफ्ट, कहानी और पेशकश के बूते एशिया ही नहीं यूरोप और अमरीकी एशियाई लोगों की पहली पसंद बन चुके हैं। जो बताते हैं कि महिला सशक्तिकरण पर अगर दिल को छूने वाला काम किया जा रहा है तो इस इंडस्ट्री में। 


शनिवार, 10 सितंबर 2022

अर्नेस्ट चे ग्वेरा की पहली पत्नी हिल्डा गेडिया अकोस्टा को लिखी चिट्ठी

 प्यारी हिल्डा कैसी हो। 

मैं तुम्हे ये चिट्ठी उस वक़्त लिख रहा हूं जब क्यूबा के बादल ज़ोरदार बारिश कर रहे हैं और हम पहाड़ों की गुफ़ाओं में पनाह लिए हुए हैं। 

ये चिट्ठी लिखते समय हमारे चारों तरफ तोपख़ाने के गोलों की बौछार है। हम इन्तिज़ार कर रहे हैं कि गोले आने बंद हो जाएं, मूसलाधार बारिश रुक जाए और सुबह का सूरज निकल आए ताकि हम खाना लाने के लिए बाहर निकल सकें। हम तर हो चुके कपड़े सुखा सकें और थोड़ा सा तंबाकू भी ला सकें। 

हिल्डा !!

मुझे बाहर से गोलियों के तबादले की आवाज़ें आ रही हैं। मुझे अब अपनी बंदूक लेकर निकलना होगा। ये लोग कमीने हैं। रात में हमला करते हैं ताकि हम आराम न कर सकें। ये हमारे हौसले पस्त करना चाहते हैं लेकिन तुम जानती हो?

मुझे उनका ये तक़ाज़ा क़ुबूल है कि वह हम पर रात में हमला करें, इसलिए कि हम उनको दिन में मिलेंगे ही नहीं। क्योंकि उस वक़्त वह खुद हमारे हमले की ज़द में होंगे... 

अगर मेरी वापसी हुई तो मैं तुम्हें एक और चिट्ठी भेजूंगा। 

सदा से तुम्हारा प्रेमी 

अर्नेस्ट चे ग्वेरा 

शुक्रवार, 26 अगस्त 2022

'दो आवाज़ें'- फ़ैज़ अहमद फ़ैज़

फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ उम्मीद के शायर है, स्याह रात में सुबह की उम्मीद के शायर। फ़ैज़ की नज़्म 'दो आवाज़ें' एक ऐसे ही वक़्त की आवाज़ है। टूटी हुई उम्मीद से जब पहली आवाज़ मायूसी की गिरफ्त में आती है तो दूसरी आवाज़ के ज़रिये फ़ैज़ न सिर्फ उम्मीद भरे जवाब तराशते हैं बल्कि एक नई सुबह की इबारत लिखते हैं। 

पहली आवाज़

अब सई का इम्काँ और नहीं पर्वाज़ का मज़मूँ हो भी चुका

तारों पे कमंदें फेंक चुके महताब पे शब-ख़ूँ हो भी चुका

अब और किसी फ़र्दा के लिए उन आँखों से क्या पैमाँ कीजे

किस ख़्वाब के झूटे अफ़्सूँ से तस्कीन-ए-दिल-ए-नादाँ कीजे

शीरीनी-ए-लब ख़ुशबू-ए-दहन अब शौक़ का उनवाँ कोई नहीं

शादाबी-ए-दिल तफ़रीह-ए-नज़र अब ज़ीस्त का दरमाँ कोई नहीं

जीने के फ़साने रहने दो अब इन में उलझ कर क्या लेंगे

इक मौत का धंदा बाक़ी है जब चाहेंगे निप्टा लेंगे

ये तेरा कफ़न वो मेरा कफ़न ये मेरी लहद वो तेरी है

 

दूसरी आवाज़

हस्ती की मता-ए-बे-पायाँ जागीर तिरी है न मेरी है

इस बज़्म में अपनी मिशअल-ए-दिल बिस्मिल है तो क्या रख़्शाँ है तो क्या

ये बज़्म चराग़ाँ रहती है इक ताक़ अगर वीराँ है तो क्या

अफ़्सुर्दा हैं गर अय्याम तिरे बदला नहीं मस्लक-ए-शाम-ओ-सहर

ठहरे नहीं मौसम-ए-गुल के क़दम क़ाएम है जमाल-ए-शम्स-ओ-क़मर

आबाद है वादी-ए-काकुल-ओ-लब शादाब-ओ-हसीं गुलगश्त-ए-नज़र

मक़्सूम है लज़्ज़त-ए-दर्द-ए-जिगर मौजूद है नेमत-ए-दीदा-ए-तर

इस दीदा-ए-तर का शुक्र करो इस ज़ौक़-ए-नज़र का शुक्र करो

इस शाम ओ सहर का शुक्र करो इन शम्स ओ क़मर का शुक्र करो

 

पहली आवाज़

गर है यही मस्लक-ए-शम्स-ओ-क़मर इन शम्स-ओ-क़मर का क्या होगा

रानाई-ए-शब का क्या होगा अंदाज़-ए-सहर का क्या होगा

जब ख़ून-ए-जिगर बर्फ़ाब बना जब आँखें आहन-पोश हुईं

इस दीदा-ए-तर का क्या होगा इस ज़ौक़-ए-नज़र का क्या होगा

जब शेर के ख़ेमे राख हुए नग़्मों की तनाबें टूट गईं

ये साज़ कहाँ सर फोड़ेंगे इस क्लिक-ए-गुहर का क्या होगा

जब कुंज-ए-क़फ़स मस्कन ठहरा और जैब-ओ-गरेबाँ तौक़-ओ-रसन

आए कि न आए मौसम-ए-गुल इस दर्द-ए-जिगर का क्या होगा

 

दूसरी आवाज़

ये हाथ सलामत हैं जब तक इस ख़ूँ में हरारत है जब तक

इस दिल में सदाक़त है जब तक इस नुत्क़ में ताक़त है जब तक

इन तौक़-ओ-सलासिल को हम तुम सिखलाएँगे शोरिश-ए-बरबत-ओ-नय

वो शोरिश जिस के आगे ज़ुबूँ हँगामा-ए-तब्ल-ए-क़ैसर-ओ-कै

आज़ाद हैं अपने फ़िक्र ओ अमल भरपूर ख़ज़ीना हिम्मत का

इक उमर है अपनी हर साअत इमरोज़ है अपना हर फ़र्दा

ये शाम-ओ-सहर ये शम्स-ओ-क़मर ये अख़्तर-ओ-कौकब अपने हैं

ये लौह-ओ-क़लम ये तब्ल-ओ-अलम ये माल-ओ-हशम सब अपने हैं

 


अनुवाद-पहली आवाज़

परवाज़ की तमाम कोशिशें पूरी हो चुकी है, अब लगता नहीं की किसी जद्दोजहद की ज़रूरत है

सितारों पर लंगर डाले जा चुके है और चाँद पर भी पहुंचा जा चुका है

कल का कोई बाक़ी वादा नज़र नहीं आ रहा है

किसी भी झूठे ख़्वाब से दिल को तसल्ली देने का कोई मक़सद सुझाई नहीं दे रहा है

शौक़ का हर मज़मून (विषय) बदल चुके है अब न ही अल्फ़ाज़ में खुशबू बची है और न ही आवाज़ में मिठास बाक़ी है

दिल और नज़र की शोखी और शादाबी में जिंदिगी के इलाज नहीं रहे

जीने के फ़साने रहने दो अब इनमे उलझ कर क्या लेंगे

एक मौत का मामला बाक़ी है जब चाहेंगे निपटा लेंगे

ये तेरा कफ़न वो मेरा कफ़न, वो तेरी क़ब्र ये मेरी है

 

अनुवाद-दूसरी आवाज़

हुनर के ख़ज़ाने की कोई हद नहीं न ही ये किसी की जागीर है

इस महफ़िल में अपना दिल मुरझाया है या खिला हुआ है ये बेमानी है

ये तो वह महफ़िल है जहाँ किसी एक झरोके के वीरान हो जाने के बावजूद सारा मंज़र झिलमिलाता है

तुम्हारे दिन रात अगर बोझिल है तो भी रात और दिन का सिलसिला जारी है

चाँद और सूरज अपनी जगह पर बरक़रार हैं, मौसम का उन पर कोई असर नहीं है

ज़ुल्फ़ और लब खिले हुए है और हसीं फूल आबाद हैं

दिल के दर्द का एहसास और भीगी आँखों की नेमत अभी बाक़ी है

इन आंसू भरी आँखों का शुक्र करो, इसे भांप लेने वाली नज़र का शुक्र करो

इस सुबह शाम का शुक्र करो, इस चाँद सूरज का शुक्र करो

 

अनुवाद-पहली आवाज़

अगर चाँद और सूरज का यही दस्तूर है तो इस दस्तूर से क्या होगा?

झिलमिलाती रात का क्या मतलब और चमकदार सुबह से क्या होगा?

जब जिगर का सारा खून बर्फ की तरह जम जायगा और आँखें लोहा पहन लेंगी

तब इस भीगी आँखों और दूरअंदेशी का क्या होगा?

जब शेर (कविता) ख़ाक हो जायगे और नग़मों की तान टूट जाएगी

तब इन नायाब मोतियों का क्या होगा और ये साज़ कहाँ सर फोड़ेंगे

जब पिंजरे का कोना ही ठिकाना होगा और जेब और गिरेबान ही फांसी का फन्दा होगा

तब बहारों का मौसम आये या न आये, इस दुखते दिल का क्या फ़ायदा

 

अनुवाद-दूसरी आवाज़

जब तक ये हाथ सलामत है और जब तक इस खून में जोश है

जब तक इस दिल में सच्चाई है और जब तक बोलने की हिम्मत बाक़ी है

इन बेड़ियों और ज़ंजीरों को हम तुम हंगामे की एक नई भाषा सिखाएंगे

हंगामे की वह भाषा जिसके आगे ऐतिहासिक योद्धाओं के नक्कारों की आवाज़ कमज़ोर पड़ जायगी

हमारे पास हिम्मत का भरपूर ख़ज़ाना है, सोचने और उस पर अमल करने की सलाहियत है

जीवन का हर लम्हा एक सदी के सामान है और हर नया दिन एक नया सवेरा है

ये सुबह और शाम, ये सूरज और चाँद और ये सितारे सब अपने है

ये कागज़ और क़लम, ये नक्कारे, ये विरासतें और मान सब अपने है

 

इनकी पिछली पीढ़ी सड़कों को सूना रखने की गुनहगार है

कल लाठी खाने वाले वही बच्चे थे, जिनसे परीक्षा पर चर्चा के समय सरकार मुखातिब थी।  एक तरफ़ा संवाद को नकारकर इन्होने बता दिया है कि कोई इन्हें उ...